रांची में आज पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक, अमित शाह और हेमंत सोरेन होंगे शामिल
झारखंड की राजधानी रांची में आज पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (Eastern Zonal Council) की 27वीं बैठक का आयोजन हो रहा है। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपाध्यक्ष के रूप में शामिल होंगे। बैठक रांची के रेडिसन ब्लू होटल में सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार देर शाम रांची पहुंच चुके हैं और रेडिसन ब्लू होटल में ठहरे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे। सोरेन पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए मौजूद थे।
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की इस बैठक में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, बिहार के वित्त मंत्री सम्राट चौधरी और जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, तथा पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य बैठक में मौजूद रहेंगी। कुल 68 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा, जिनमें आंतरिक सुरक्षा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास, सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा, जल विवाद, सड़क और बिजली जैसे बुनियादी ढांचे से संबंधित मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा, झारखंड सरकार केंद्र से कई मांगें रखेगी, जिनमें कोयला कंपनियों पर 1.36 लाख करोड़ रुपये, जल जीवन मिशन के 6,000 करोड़ रुपये और विधवा-वृद्धा पेंशन के लिए 300 करोड़ रुपये के बकाये का भुगतान शामिल है। राज्य सरकार उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष केंद्रीय सहायता और एसआरई फंड की बहाली की मांग भी उठाएगी।
यह बैठक पहले 10 मई 2025 को प्रस्तावित थी, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब रांची में आयोजित इस बैठक को पूर्वी भारत के विकास और आपसी सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।

















