20251113 073302

झारखंड में ठंड का कहर जारी: नवंबर में ही दिसंबर वाली सर्दी, गुमला में पारा 7 डिग्री तक लुढ़का!

रांची : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। नवंबर के मध्य में ही राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जो पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड को चुनौती दे रही है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के सबसे ठंडे इलाके गुमला में पारा महज 7.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो नवंबर महीने के लिए असामान्य रूप से कम है। खूंटी में 8.1°C, लोहरदगा में 9.1°C और राजधानी रांची में 10.7 डिग्री सेलसियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3-4 डिग्री कम है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र ने पश्चिमी झारखंड के सात जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में शीत लहर (कोल्ड वेव) का येलो अलर्ट जारी किया है, जो 15 नवंबर तक प्रभावी रहेगा। IMD के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले कुछ दिनों में इन जिलों में तापमान में और 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे पारा 10 डिग्री से नीचे चला जाएगा।

आज झारखंड के कई इलाकों में घना कोहरा/धुंध छाए रहने की संभावना है। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को सावधानी बरतनी होगी। मुख्य रूप से साफ आकाश रहेगा। हल्की ठंडी हवाएं चलेंगी। झारखंड के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में सबसे ज्यादा ठंड महसूस होगा

झारखंड में नवंबर में इतनी ठंड कई वर्षों बाद देखने को मिल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि हिमालयी क्षेत्र से आ रही ठंडी हवाएं इसकी मुख्य वजह हैं। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं, इसलिए तैयार रहें!

Share via
Send this to a friend