बांसजोर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का शुभारंभ
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सिमडेगा जिले के बांसजोर, कुलामारा में नवनिर्मित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का विधिवत उद्घाटन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह विद्यालय जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार और झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी उपस्थित रहे। दोनों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय जनजातीय समुदाय के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें प्रतिस्पर्धी दुनिया के लिए तैयार करेगा। जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने समारोह में उत्साह का संचार किया।
उपायुक्त कंचन सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “एकलव्य विद्यालय जनजातीय बच्चों के लिए शिक्षा का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थी मेहनत और अनुशासन को जीवन मंत्र बनाएं। यह विद्यालय उनकी शैक्षणिक उन्नति के साथ-साथ सर्वांगीण विकास का केंद्र बनेगा।” उन्होंने बच्चों से अपेक्षा की कि वे पढ़ाई, चरित्र निर्माण और अनुशासन पर ध्यान दें ताकि प्रथम बैच के रूप में देश का नाम रोशन करें। शिक्षकों को भी उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और खेल में बच्चों को निपुण बनाने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी ने बच्चों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अनुशासन और समर्पण सफलता की कुंजी हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए अभिभावकों से विद्यालय के साथ सहयोग की अपील की और बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में उपायुक्त और बच्चों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस सत्र में कक्षा 6, 7 और 8 में 160 बालक-बालिकाओं का नामांकन हुआ है।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी बांसजोर इमानुएल जयवीरस लकड़ा, अंचलाधिकारी पंकज कुमार भगत, संसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, जिला परिषद सदस्य सेमरोम पॉल, मुखिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

















