बिजली दर वृद्धि पर भाजपा का हमला, कहा – जनता पर बोझ डाल रही हेमंत सरकार
रांची : झारखंड में बिजली दरों में बढ़ोतरी के फैसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने इसे जनविरोधी और विकास विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार अपनी विफलताओं का बोझ आम जनता पर डाल रही है। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली दर 6.70 रुपये से बढ़ाकर 7.20 रुपये प्रति यूनिट और शहरी क्षेत्रों में 6.85 रुपये से बढ़ाकर 7.40 रुपये प्रति यूनिट कर दी है। नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अजय साह ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार की प्राथमिकताएं पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास मुंबई में महंगे झारखंड भवन, मुख्यमंत्री आवास, विधायकों के आवास और लग्जरी गाड़ियों पर खर्च करने के लिए करोड़ों रुपये हैं, लेकिन आम जनता को राहत देने के लिए संसाधन नहीं हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले एलपीजी और पेट्रोल-डीजल को लेकर भ्रम फैलाया गया और अब बिजली दरों में बढ़ोतरी कर जनता की कमर तोड़ी जा रही है। भाजपा प्रवक्ता ने डीएमएफटी फंड के दुरुपयोग और ऊर्जा विभाग में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राज्य में वित्तीय कुप्रबंधन चरम पर है और यदि स्थिति नहीं सुधरी तो झारखंड भी हिमाचल प्रदेश की तरह आर्थिक संकट की ओर बढ़ सकता है।
भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की है कि बिजली दर वृद्धि के फैसले को तत्काल वापस लिया जाए और जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने के बजाय वित्तीय प्रबंधन को दुरुस्त किया जाए।
















