मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में बजट सत्र की तैयारियां पूरी; सत्ता पक्ष की बैठक में विधायकों से की रणनीति पर चर्चा
रांची : झारखंड विधानसभा के षष्ठम सत्र के पंचम (बजट) सत्र की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज डॉ. श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान में सत्ता पक्ष के मंत्रियों एवं विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक कल 18 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र के सुचारु संचालन और राज्य के आगामी बजट की रूपरेखा पर केंद्रित रही।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के सभी विधायकों और मंत्रियों से विधानसभा में आगामी सत्र के दौरान जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और सदन की कार्यवाही को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट सत्र राज्य के विकास, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और समावेशी विकास के लिए महत्वपूर्ण होगा।
झारखंड विधानसभा का यह पंचम (बजट) सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक चलेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण से होगी, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को सदन में पेश किया जाएगा। इस सत्र में डिजिटल और पेपरलेस कार्यवाही पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) का उपयोग प्रमुख होगा।
मुख्यमंत्री ने बैठक में विधायकों से अपील की कि वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप चर्चा में सक्रिय भागीदारी करें और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से सदन में रखें। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे।
















