सिमडेगा में नव वर्ष का उत्साह: धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्पॉट्स पर उमड़ा जनसैलाब
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में नव वर्ष 2026 की शुरुआत धार्मिक आस्था और प्रकृति की गोद में उत्साह के साथ हुई। जिले के निवासियों ने देवालयों, चर्चों और मस्जिदों में पूजा-अर्चना, इबादत, ध्यान और मेडिटेशन के साथ नए साल का स्वागत किया। वहीं, विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे लोगों का रुझान स्पष्ट रूप से धार्मिक और पर्यटन स्थलों की ओर रहा।
दोपहर से पिकनिक स्पॉट्स नव वर्ष की खुमारी से गुलजार हो गए। युवाओं ने आदिवासी परंपरा के अनुसार सामूहिक नृत्य कर खुशियों के साथ नए साल का स्वागत किया। नागपुरी रिकॉर्डिंग गानों पर कई जगहों पर लोगों के झुंड ने डांस कर जमकर मनोरंजन किया।
बोलबा प्रखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दनगद्दी में सैलानियों का जनसैलाब उमड़ा। प्रखंड प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग से शांतिपूर्ण माहौल में पर्यटकों ने वनभोज और भ्रमण का आनंद लिया। पार्किंग व्यवस्था, आवागमन की सुविधा और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। विभिन्न दुकानें लगाई गईं। शाम साढ़े पांच बजे तक पुलिस ने भीड़ को सुरक्षित खाली कराया और लगातार गश्त की।
दनगद्दी के अलावा केतुंगा धाम, ऐतिहासिक सरना स्थल, रामरेखा धाम, रामरेखा डैम, रानीदह (झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा पर), हिरा दह (सिमडेगा-गुमला सीमा), जलडेगा का सत्तकोटा, कोलेबिरा का भंवर पहाड़, डैम साइड, दतलीपुल, बन दुर्गा, वीरू का भंवर पहाड़, सूर्य मंदिर, अराणी, केला घाट, कुडरूम और घूमरी सहित जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर प्रकृति प्रेमियों और दर्शकों की भारी भीड़ रही।
रामरेखा धाम में भक्तों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं। करंगागुड़ी में सत्य साइन सेवा संगठन द्वारा रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन के साथ नव वर्ष का भव्य स्वागत किया गया। सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा अपने परिवार और समर्थकों के साथ रानीदह पहुंचे और प्रकृति के मनोरम दृश्यों का आनंद लेते हुए फोटो शूट कराया।
सिमडेगा, कुरडेग, केरसई सहित छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आसपास क्षेत्रों से लोग पहुंचे। प्रशासन की अपील पर सभी ने भयमुक्त, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से नव वर्ष मनाया। पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ उत्सव मनाने से यह आयोजन यादगार बन गया।
इस अवसर पर अंचल अधिकारी सुधांसु पाठक, थाना प्रभारी देवीदास मुर्मू, मुखिया बिनोद बड़ाईक, ज्वलंत बेक, हीरालाल प्रधान, सोमरू सिंह, दिलीप कुमार राम, रामसुभग प्रधान, पुराणचंद्र प्रधान, चन्द्रदेव सेनापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जिले के विभिन्न स्थलों पर डीसी कंचन सिंह के निर्देश पर दंडाधिकारी और एसपी एम. अर्शी के निर्देश पर पुलिस जवानों ने गश्त की।

















