पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने संसद में दिया बड़ा बयान “अमेरिका ने पाकिस्तान को टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल किया और काम खत्म होने पर फेंक दिया”
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को नेशनल असेंबली में एक कड़े और विवादास्पद बयान में अमेरिका पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अपने फायदे के लिए पाकिस्तान का इस्तेमाल किया और जरूरत पूरी होने के बाद उसे टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल करके फेंक दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान युद्धों का जिक्र करते हुए कहा, “ये हमारी जंगें नहीं थीं, ये सुपरपावर की जंगें थीं। हमने अपना देश किराए पर दिया, लेकिन बदले में हमें कुछ नहीं मिला। अमेरिका ने हमें इस्तेमाल किया और फिर छोड़ दिया। हम टिश्यू पेपर भी नहीं, बल्कि टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल हुए।”
उन्होंने आगे कहा कि 1979-80 के दशक से लेकर 2001 के बाद की अफगान नीतियों में पाकिस्तान बार-बार सुपरपावर के साथ खड़ा हुआ, लेकिन नतीजा सिर्फ आतंकवाद, कट्टरता और आर्थिक नुकसान रहा। आसिफ ने माना कि ये फैसले “ऐतिहासिक गलती” थे और पाकिस्तान ने इससे कोई सबक नहीं सीखा।
मंत्री ने पूर्व सैन्य शासकों जिया-उल-हक और परवेज मुशर्रफ पर भी निशाना साधा और कहा कि “झूठे जिहाद” के नाम पर देश को विदेशी युद्धों में घसीटा गया। उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर बहस के दौरान कहा कि पाकिस्तान अब भी अपने अतीत से मुंह मोड़ रहा है, जबकि सच सामने आ चुका है।
ये बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान आतंकवाद और आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है। कई विश्लेषकों का मानना है कि ये बयान पाकिस्तान की विदेश नीति में अमेरिका के प्रति बढ़ते असंतोष को दर्शाता है, हालांकि कुछ इसे घरेलू राजनीति के लिए इस्तेमाल भी बता रहे हैं।

















