पलामू: पांकी थाना क्षेत्र में 5 एकड़ वन भूमि पर अवैध अफीम की खेती नष्ट, पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई
पलामू : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम मुक्ता के जंगली इलाके में वन भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पांकी थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में शुरुआती अवस्था में लगी अफीम की फसल को ट्रैक्टर से रोटावेटर चलवाकर पूरी तरह विनष्ट कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस अभियान में पांकी थाने के पु0अ0नि गोपाल कुमार राय, स0अ0नि मृत्युंजय महतो, स0अ0नि सुनील सुभाष भेंगरा, थाना एवं ताल पिकेट के जवान तथा वन विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अवैध अफीम खेती में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। नाम-पते के सत्यापन के बाद वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत वन वाद दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और वन विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। पलामू जिले में अवैध अफीम खेती एक गंभीर समस्या रही है, और प्रशासन द्वारा लगातार ऐसे अभियानों से इसे नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

















