दुबई से चला रहा है आतंक का साम्राज्य प्रिंस खान पर रेड कॉर्नर नोटिस
दुबई से चला रहा है आतंक का साम्राज्य प्रिंस खान पर रेड कॉर्नर नोटिस

विधानसभा में राज्य के विकास पर चर्चा हो तो राज्य के विकसित राज्य बनने की उम्मीद होने लगती है । लेकिन किसी एक गुंडे और उसकीं साम्राज्य की चर्चा हो तो आप क्या कहेंगे जी है मैं बात कर रहा हूँ गैंग्स्टर प्रिंस खान की शनिवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा—कहा, “दुबई से चल रहा है आतंक का साम्राज्य”। साल भर में रंगदारी और गोलीबारी की 60 से ज्यादा वारदातें, विपक्ष ने पूछा—SIT क्यों नहीं बनी? इस पर सरकार का जवाब रहा की प्रिंस खान पर ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी, प्रत्यर्पण की तैयारी तेज।

झारखंड की राजनीति में आज ‘प्रिंस खान’ का नाम चर्चा का विषय बना रहा। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विपक्षी दल बीजेपी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सरकार को जमकर घेरा। गैंग्स ऑफ वासेपुर से ताल्लुक रखने वाले अपराधी प्रिंस खान द्वारा व्यवसायियों को दी जा रही धमकियों के मामले ने शनिवार को सदन में तल्खी पैदा कर दी।
झारखंड में आतंक का दूसरा नाम बन चुके प्रिंस खान का मुद्दा सदन के गलियारों से लेकर चर्चा की मेज तक छाया रहा। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि प्रिंस खान दुबई में बैठकर अपने गुर्गों के जरिए वसूली का रैकेट चला रहा है। मरांडी ने हाल ही में रांची के टीटोस होटल में हुई हत्या और बोकारो के शोरूम संचालक को मिली धमकी का हवाला देते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
सिर्फ मरांडी ही नहीं, झरिया विधायक रागिनी सिंह ने तो यहां तक कह दिया कि पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से ही प्रिंस खान देश छोड़कर भागने में कामयाब रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अब तक इस मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन क्यों नहीं किया गया? बीजेपी विधायकों ने उन व्यापारियों को तत्काल सुरक्षा देने की मांग की है जिन्हें रंगदारी के लिए फोन आ रहे हैं।
विपक्ष के तीखे हमलों का जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने सरकार का बचाव किया। उन्होंने साफ किया कि सरकार हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठी है। प्रिंस खान के खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी किया जा चुका है और उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है। मंत्री ने दावा किया कि झारखंड पुलिस लगातार एनकाउंटर और गिरफ्तारियों के जरिए अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त कर रही है।
















