राज्यपाल ने बिरसा मुंडा संग्रहालय में वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज रांची स्थित बिरसा मुंडा संग्रहालय में आयोजित ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन’ के फ्लैग-ऑफ समारोह को संबोधित किया तथा इस महत्वाकांक्षी साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह साइक्लोथॉन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है और यह राष्ट्रभक्ति, युवा शक्ति, साहस तथा जनजातीय गौरव का प्रतीक बनकर उभरी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राज्यपाल ने अपने संबोधन में एनसीसी बिहार-झारखंड निदेशालय, आयोजन से जुड़े अधिकारियों, प्रशिक्षकों तथा विशेष रूप से एनसीसी कैडेट्स को इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का युवा न केवल भविष्य का कर्णधार है, बल्कि वर्तमान का सशक्त आधार भी है।
भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए राज्यपाल ने उन्हें अन्याय, शोषण और औपनिवेशिक दमन के विरुद्ध भारतीय स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिरसा मुंडा की जयंती को देशभर में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने के निर्णय की सराहना की।
यह साइक्लोथॉन झारखंड की धरती से शुरू होकर लगभग 1300 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी, जहां यह स्वतंत्रता संग्राम में झारखंड के योगदान को राष्ट्रव्यापी स्तर पर रेखांकित करेगी। राज्यपाल ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे स्वयं एनसीसी कैडेट रह चुके हैं और उनका झुकाव सैन्य सेवा की ओर था, किंतु आपातकाल के दौरान जेल जाने के बाद वे सक्रिय राजनीति में आए। उन्होंने एनसीसी के महत्व पर बल देते हुए कहा कि यह अनुशासन, नेतृत्व, देशभक्ति और सेवा भावना जैसे मूल्यों का सशक्त माध्यम है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जीवंत करता है।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान में भाग लेने वाले सभी कैडेट्स बिरसा मुंडा के आदर्शों—साहस, आत्मसम्मान, सामाजिक न्याय और राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे तथा झारखंड व एनसीसी की गरिमा को और ऊंचा उठाएंगे। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्यपाल ने बिरसा मुंडा संग्रहालय में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

















