सीवान में शादी की खुशियां मातम में बदली: बारात में फायरिंग, दूल्हे के मामा को गोली लगी, हालत नाजुक
सीवान : बिहार के सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान देर रात फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस घटना में दूल्हे के मामा सीदेश्वर भारती को गोली लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना दरौंदा थाना क्षेत्र के रुकूंदीपुर पंचायत अंतर्गत भिखारीपुर गांव (गिरी टोला) में हुई। जानकारी के अनुसार, बारात में सभी लोग नाच-गाने में मस्त थे। इसी दौरान एक क्रेटा कार से चार लोग वहां पहुंचे और बारात में शामिल हो गए। कुछ देर बाद उन्होंने एक युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
जब दूल्हे के मामा सीदेश्वर भारती बीच-बचाव करने आगे आए, तो अचानक फायरिंग हो गई। एक गोली सीधे उनके पेट में लग गई। इससे वे जमीन पर गिर पड़े और पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग विवाद को ऑर्केस्ट्रा देखने या छोटी-मोटी कहासुनी से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ सूत्रों के अनुसार लूट की नीयत से बदमाश आए थे।
घायल सीदेश्वर भारती मूल रूप से सिसवन थाना क्षेत्र के घुरघाट गांव के निवासी हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दरौंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।















