झामुमो ने भाजपा को बताया झूठ और दुष्प्रचार की फैक्ट्री, बाबूलाल मरांडी के आरोपों का दिया करारा जवाब
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा पर झूठे आंकड़ों और साम्प्रदायिक जहर फैलाकर राजनीति करने का आरोप लगाया। पांडेय ने मरांडी के हालिया आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और अब अफवाहों के सहारे अपनी खोई जमीन तलाश रही है।
विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड की कोई भी सीमा अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से नहीं जुड़ती, ऐसे में यदि कहीं घुसपैठ हुई है तो इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और उससे संबंधित एजेंसियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि यदि उनके पास घुसपैठ से संबंधित कोई प्रमाणित दस्तावेज है, तो उसे झारखंड सरकार को सौंपे। पांडेय ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार ऐसे किसी भी सबूत के आधार पर केंद्र से हस्तक्षेप की मांग करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा इस मुद्दे पर राज्य सरकार को निशाना बनाने के बजाय केंद्र से जवाब क्यों नहीं मांगती?
पांडेय ने बाबूलाल मरांडी पर आदिवासी-मूलवासी समाज को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में झारखंड को बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार की दलदल में धकेला। इसके विपरीत, हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अधिकारों की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जमीन खिसक रही है, इसलिए वह अब झूठ और अफवाहों की राजनीति पर उतर आई है।
झामुमो नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अविश्वास पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इलेक्शन रजिस्ट्रेशन) के जरिए भाजपा अपने पक्ष में मतदान कराने की साजिश रच रही है, लेकिन जनता की अदालत में इसका फैसला होगा। पांडेय ने याद दिलाया कि 2024 के चुनाव में झारखंड के जागरूक मतदाताओं ने झामुमो के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को समर्थन देकर भाजपा को करारा जवाब दिया था।
विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि आदिवासी-मूलवासी की पहचान और उनके अधिकार झामुमो के लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कितना भी भ्रम फैलाए, झारखंड की जनता सच को समझती है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

















