स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अचानक किया RIMS का निरीक्षण, खुद OPD में बैठकर किया मरीजों का इलाज, प्राइवेट प्रैक्टिस पर दी सख्त चेतावनी
रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को बिना किसी पूर्व सूचना के राजधानी रांची स्थित रांची इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया, बल्कि खुद OPD कक्ष में बैठकर मरीजों का इलाज भी किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निरीक्षण के दौरान मंत्री बेहद सख्त नजर आए। सरकारी डॉक्टरों द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस करने के मुद्दे पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “जो डॉक्टर सरकारी नौकरी में रहते हुए प्राइवेट क्लिनिक चलाना चाहते हैं, वे पहले अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दें। मैं सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर करने की किसी भी सूरत में इजाजत नहीं दूंगा।”
मंत्री ने एक्सपायरी दवाइयों की सप्लाई, आउटसोर्सिंग एजेंसियों की लापरवाही और खराब पड़ी एंबुलेंस की स्थिति पर भी गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि “जो ईमानदारी से काम करेगा, मैं उसका साथ दूंगा, लेकिन जो सिस्टम को कमजोर करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।”
डॉ. अंसारी ने अस्पताल स्टाफ से कहा कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार हो और सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि RIMS में सभी विभागों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

















