असम के तिनसुकिया में 21वीं आदिवासी महासभा: सीएम हेमंत सोरेन बोले – हमारी एकजुटता हमारी पहचान
तिनसुकिया (असम) : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज असम के तिनसुकिया जिले में ऑल आदिवासी स्टूडेंट एसोसिएशन ऑफ आसाम (AASAA) द्वारा आयोजित “21वीं आदिवासी महासभा-2026” को संबोधित किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने असम में बसे झारखंड मूल के आदिवासी-मूलवासी भाइयों-बहनों से रूबरू होते हुए उनके सुख-दुख में झारखंड सरकार और समाज के सदैव साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “असम में लगभग डेढ़ सौ वर्षों से रह रहे हमारे आदिवासी भाई-बहनों की तकलीफों, अत्याचारों और व्यथाओं को सुनने के लिए हम यहां आए हैं। झारखंड से आपका पुराना जुड़ाव है और हमारी एकजुटता ही हमारी पहचान है।” उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, तिलका मांझी जैसे वीर सपूतों का स्मरण करते हुए कहा कि आदिवासी समाज ने देश की आजादी और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अनगिनत बलिदान दिए हैं।
सीएम ने आदिवासी समाज की मौजूदा चुनौतियों पर चिंता जताई और कहा कि कमजोर वर्गों का शोषण बड़े लोग चालाकी से करते हैं। उन्होंने झारखंड राज्य गठन की संघर्ष गाथा सुनाई और बताया कि राज्य अलग होने के बाद भी पहले 15 वर्षों में विकास नहीं हो सका, लेकिन अब सरकार ने घर-घर योजनाएं पहुंचाई हैं।
मुख्य बिंदु जो मुख्यमंत्री ने हाइलाइट किए
झारखंड की महिलाएं सशक्त
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना** के तहत हर माह 55 लाख महिलाओं के खाते में 2500 रुपये भेजे जा रहे हैं। अब अन्य राज्य भी इस मॉडल की कॉपी कर रहे हैं।
युवाओं के लिए महत्वाकांक्षी स्कीम
उच्च शिक्षा के लिए 15 लाख रुपये तक का एजुकेशन लोन बिना गारंटी उपलब्ध।
आर्थिक योगदान
देश की अर्थव्यवस्था में झारखंड सबसे ज्यादा योगदान देने वाला राज्य बन रहा है। संसाधनों का सही मूल्य मिले, इस दिशा में काम हो रहा है।
वैश्विक मंच पर झारखंड
विश्व आर्थिक मंच में आदिवासी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ऐतिहासिक उपस्थिति दर्ज की गई। असम में रहने वाले आदिवासियों की मदद के लिए पूरा झारखंड समाज आगे आएगा।
मौके पर स्व. प्रदीप नाग और स्व. जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में झारखंड के मंत्री चमरा लिंडा, सांसद विजय हांसदा, विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, AASAA के अध्यक्ष रेजन होरो सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


















