निशा भगत की मौत की सीबीआई जांच हो, पैतृक गांव पहुंचकर सुदेश महतो ने उठाई मांग

गुमला: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो सोमवार को गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित उरु बारुडीह गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत आदिवासी महिला नेत्री निशा कुमारी भगत के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने निशा भगत के पिता एवं झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत से मिलकर इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सुदेश महतो ने निशा भगत की मौत के पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की यह घटना सामान्य नहीं है, बल्कि इसने पूरे समाज को झकझोर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो।

सुदेश महतो ने राज्य सरकार और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आत्महत्या से पहले निशा भगत का फोन आने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी की ओर से समय रहते सक्रियता नहीं दिखाना गंभीर कर्तव्यहीनता का मामला है। यह पुलिस-प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। सरकार का प्रशासनिक व्यवस्था पर नियंत्रण कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार की ओर से इस घटना पर संवेदना तक व्यक्त नहीं की गई।

आजसू अध्यक्ष ने मांग की कि निशा भगत की मौत से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए और सीबीआई जांच कराई जाए। जांच में जिसकी भी भूमिका या लापरवाही सामने आए, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, विज्ञान सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

गोवर्धन पूजा कर सुहागिनों ने की परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
निर्मल सिंह गुमला: दीपावली के दूसरे दिन मंगलवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर मारवाड़ी समाज की सुहागिन महिलाओं ने एसएस हाई…

कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारी को लेकर 12 नवंबर को श्रीरामरेखा धाम समिति की बैठक
सिमडेगा: श्रीरामरेखा धाम में आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर 12 नवंबर को श्रीरामरेखा धाम समिति की बैठक…

















