सिमडेगा: अंतरराज्यीय महिला पॉकेटमार गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार, क्रिसमस मेले में वारदात की थी योजना
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : सिमडेगा पुलिस ने क्रिसमस के मौसम में होने वाली भीड़भाड़ का फायदा उठाकर पॉकेटमारी करने की तैयारी कर रहे छत्तीसगढ़ के अंतरराज्यीय महिला पॉकेटमार गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में 5 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं।
मंगलवार को एसपी सिमडेगा एम. अर्शी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के साप्ताहिक हाट-बाजार में कुछ महिलाओं द्वारा अन्य महिलाओं के पर्स से पैसे व सामान चोरी करने की सूचना मिली थी। सूचना पर एसडीपीओ बैजू उरांव के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन (जिसमें आरोपी सवार थे) को रोककर तलाशी ली।
गिरफ्तार आरोपियों में अशोक तिग्गा, राजकुमारी तिग्गा। पुकी गिरी। संगति गिरी, सुनीता बैरागी और सुमनी गिरी शामिल हैं। सभी आरोपी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से 33,120 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन और पीड़िता का पासबुक एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सिमडेगा के साप्ताहिक बाजारों के अलावा दिसंबर महीने में होने वाले क्रिसमस गैदरिंग और मेले में बड़ी संख्या में पॉकेटमारी करने की योजना बनाकर आए थे। एसपी ने बताया कि यह गिरोह पहले भी सिमडेगा में कई लोगों को शिकार बना चुका है और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ ठेठईटांगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी एम. अर्शी ने आमजन से अपील की है कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अपनी जेब और पर्स को लेकर सतर्क रहें तथा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।


















