सिमडेगा : नवटोली पंचायत में आयोजित पोषण जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं ने लिया स्वस्थ आहार अपनाने का संकल्प
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : कोलेबिरा ब्लॉक के नवटोली पंचायत में शनिवार को “पोषण से जीवन, जीवन से विकास” थीम पर एक जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरकार द्वारा संचालित पोषण अभियान के तहत लोगों में पोषण आहार की विविधता और स्वस्थ प्रथाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिमडेगा जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं समुदाय को संतुलित आहार, पोषण की विविधता और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के लिए पोषण के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। साथ ही, सरकार की विभिन्न पोषण संबंधी योजनाओं, उनके लाभों तथा सही उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ समाज की नींव पोषण से ही मजबूत होती है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से अपील की कि वे अपने दैनिक आहार में विविधता लाएं, स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि सही जानकारी और जागरूकता से कुपोषण को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोषण संबंधी संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन पंचायत स्तर पर पोषण जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

















