मुख्यमंत्री से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने की शिष्टाचार भेंट, नव वर्ष 2026 की दी बधाई
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सभी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नव वर्ष 2026 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी अधिकारियों का हार्दिक स्वागत किया तथा नववर्ष की शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नव वर्ष नया संकल्प, नई ऊर्जा और नए अवसर लेकर आता है। हम सभी सकारात्मक ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ राज्य के सर्वांगीण विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए दृढ़ संकल्पित रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वर्ष 2026 झारखंड की विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित हो, इस लक्ष्य के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ेगी। शासन-प्रशासन और जनता के सहयोग से झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में यह वर्ष एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगा। उन्होंने सभी से एकजुट होकर सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अपनी ओर से मुख्यमंत्री ने समस्त राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की तथा नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात करने वाले प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह, जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल, अपर सचिव उद्योग प्रीति रानी, अपर सचिव वित्त धनंजय सिंह, अपर सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सीता पुष्पा, निदेशक सामाजिक सुरक्षा विजय कुमार सिंह, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नीतीश कुमार सिंह तथा उपायुक्त कोडरमा ऋतुराज शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों में डीजी होमगार्ड एम.एस. भाटिया, डीआईजी दुमका अमर लकड़ा, एसपी लोहरदगा सादिक अनवर रिज़वी, एसपी सरायकेला-खरसावां मुकेश कुमार लुनायत, एसपी गोड्डा मुकेश कुमार, एसपी गुमला हारिश बिन जमां, एसपी खूंटी मनीष टोप्पो तथा एसपी ट्रेनिंग सेंटर मुसाबनी विजय आशीष कुजूर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

















