झारखंड प्रतिनिधिमंडल ने यूके के कोवेंट्री में शहरी नवाचार के प्रमुख संस्थानों का दौरा किया
झारखंड सरकार के पर्यटन, युवा एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार के नेतृत्व में राज्य का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम के कोवेंट्री शहर में पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने शहरी नवाचार, सतत शहरी प्रबंधन और जीरो-एमिशन मॉडल से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थानों का दौरा किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस दौरे का मुख्य उद्देश्य झारखंड के शहरों को स्वच्छ, स्मार्ट और भविष्योन्मुखी बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं का अध्ययन करना था। प्रतिनिधिमंडल ने Coventry City Council और Coventry University के साथ विस्तृत संवाद किया, जिसमें जीरो-एमिशन सिटी मैनेजमेंट, शहरी नवाचार, अकादमिक-प्रशासनिक सहयोग तथा नागरिक-केंद्रित टिकाऊ विकास पर गहन चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने कोवेंट्री सिटी बस डिपो का भी दौरा किया, जहां ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) आधारित शहरी परिवहन प्रणालियों, स्मार्ट डिपो प्रबंधन और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन के व्यावहारिक अनुभवों को समझा गया। इन मॉडलों को झारखंड के शहरों जैसे रांची, जमशेदपुर, धनबाद आदि में लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
कोवेंट्री सिटी काउंसिल ने Coventry Very Light Rail (VLR) प्रोजेक्ट की प्रस्तुति दी, जो किफायती, पर्यावरण-अनुकूल और नागरिक-अनुकूल शहरी परिवहन का एक उन्नत उदाहरण है। VLR बैटरी-आधारित लाइट रेल सिस्टम है, जो पारंपरिक ट्राम से कम लागत और कम समय में विकसित किया जा सकता है।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा, “कोवेंट्री के ये अनुभव झारखंड के लिए बहुत मूल्यवान हैं। हम इनसे सीख लेकर अपने शहरों में शहरी मोबिलिटी, सार्वजनिक परिवहन, शहर नियोजन और सार्वजनिक स्थलों के विकास को नवोन्मेषी तरीके से आगे बढ़ाएंगे। राज्य के शहरों को सतत, तकनीक-सक्षम और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में यह दौरा एक महत्वपूर्ण कदम है।”

















