रांची के सोनाहातू में निर्मम हत्या : प्रेम प्रसंग में युवक हरिहर महतो का सिर काटकर की गई हत्या, दंपति गिरफ्तार
रांची : झारखंड के रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। 25 वर्षीय युवक हरिहर महतो की दो साल पुराने अवैध प्रेम संबंध के कारण क्रूर हत्या कर दी गई। हत्या में शामिल दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की शुरुआत 31 जनवरी 2026 को हुई, जब हरिहर महतो घर से निकले और लापता हो गए। उनके पिता सोहन महतो ने 3 फरवरी 2026 को सोनाहातू थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्ध दंपति सुलोचना देवी (क्षेत्रपति महतो की पत्नी) तथा क्षेत्रपति महतो (पिता लखन महतो) से पूछताछ की।
8 फरवरी 2026 को पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ — सुलोचना देवी से हरिहर महतो का अवैध संबंध था। इससे नाराज दंपति और उनके परिवार ने मिलकर हत्या की साजिश रची। सुलोचना देवी ने हरिहर को बहला-फुसलाकर बुलाया। 31 जनवरी की शाम तीनों अभियुक्तों ने मिलकर हरिहर की निर्मम हत्या कर दी और उनके सिर को धड़ से अलग किया, प्राइवेट पार्ट काटा और शव को साक्ष्य मिटाने के इरादे से कांची नदी के किनारे दलदल में झाड़ियों के बीच दबा दिया। ऊपर से मिट्टी-धूल डालकर छिपाया गया।
पुलिस ने दंपति की निशानदेही पर शव बरामद किया, परिजनों से पहचान कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से खून लगा बांस का बल्ला, काला दुपट्टा और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। अभियुक्त क्षेत्रपति महतो के पास से मृतक हरिहर का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुलोचना देवी और क्षेत्रपति महतो पुत्र लखन महतो शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से मृतक हरिहर महतो का मोबाइल फोन, हत्या में इस्तेमाल खून लगा बांस का बल्ला, अभियुक्तों का मोबाइल फोन और घटनास्थल से खून लगा काला दुपट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी और साक्ष्य छिपाने की कोशिश की गई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।


















