झामुमो का 47वां स्थापना दिवस : दुमका में धूमधाम से मनाया जा रहा स्थापना दिवस
दुमका : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आज अपना 47वां स्थापना दिवस उपराजधानी दुमका के गांधी मैदान में बड़े उत्साह और जनसैलाब के साथ मना रहा है। यह आयोजन पार्टी के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह पहला स्थापना दिवस है जब पार्टी अपने संस्थापक और अभिभावक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बिना मनाई जा रही है। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए पूरे शहर और गांधी मैदान में उनके बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हर वर्ष की परंपरा के अनुसार, आज दुमका के एसपी कॉलेज मैदान से पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक पारंपरिक वाद्य यंत्रों, नगाड़ा-ढोल और आदिवासी पोशाकों में विशाल जुलूस निकाल रहे हैं। यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी मैदान पहुंचेगा। शाम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्टी का झंडा फहराकर जनसभा का शुभारंभ करेंगे।
जनसभा में पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व विधायक, सांसद, मंत्री, पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे, जहां पार्टी की अब तक की उपलब्धियां, झारखंड की अस्मिता की रक्षा और भावी रणनीति पर चर्चा होगी।
पूरे दुमका को झामुमो के झंडों, बैनरों और पोस्टरों से सजाया गया है। गुरुजी शिबू सोरेन के विचारों और संघर्ष को याद करते हुए कार्यकर्ता भावुक नजर आ रहे हैं। यह जनसभा देर रात तक चलेगी, जिसमें पार्टी की आने वाली कार्ययोजना और राजनीतिक रणनीति तय की जाएगी।

















