झारखंड में 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव और जैक बोर्ड परीक्षा एक साथ: छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ – अजय राय

झारखंड में 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव और जैक बोर्ड परीक्षा एक साथ: छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ – अजय राय

Share
Link copied

रांची : झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार, झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) और राज्य निर्वाचन आयोग के उस फैसले पर गहरी नाराजगी जताई है, जिसमें 23 फरवरी 2026 को पूरे राज्य में नगर निकाय चुनाव के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन होने वाला है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इसे पूरी तरह अव्यावहारिक, असंवेदनशील और छात्रों के भविष्य के प्रति लापरवाह करार दिया है।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा हाल ही में घोषित कार्यक्रम के अनुसार, झारखंड के सभी 48 नगर निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों) में 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी। वहीं, JAC बोर्ड की विभिन्न कक्षाओं की परीक्षाएं फरवरी में चल रही हैं, जिसमें कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं 3 फरवरी से 23 फरवरी तक निर्धारित हैं। इससे 23 फरवरी को दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों का टकराव हो रहा है।

अजय राय ने कहा, “एक ही दिन नगर निकाय चुनाव और बोर्ड परीक्षा का आयोजन छात्रों के लिए गंभीर असमंजस पैदा करेगा। चुनाव के लिए शिक्षकों, स्कूल भवनों, प्रशासनिक अमले, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा बलों की भारी जरूरत पड़ती है। वहीं बोर्ड परीक्षा में भी यही संसाधन इस्तेमाल होते हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्रों तक छात्रों की पहुंच, निगरानी और निष्पक्षता कैसे सुनिश्चित होगी?”

उन्होंने आगे कहा कि बोर्ड परीक्षाएं छात्रों के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव हैं, जो उनके करियर और भविष्य तय करती हैं। नगर निकाय चुनाव की तिथि में प्रशासनिक स्तर पर बदलाव संभव है, लेकिन छात्रों पर यह बोझ डालना उचित नहीं।

झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने मांग की है कि या तो नगर निकाय चुनाव की तिथि बदली जाए, या बोर्ड परीक्षा की तिथि में तुरंत संशोधन किया जाए। अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस मुद्दे पर कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्रों को सीधा नुकसान होगा और इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर होगी। एसोसिएशन अभिभावकों की आवाज बनकर हर मंच पर यह मुद्दा उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow