खूंटी नगर पंचायत चुनाव: रानी टूटी ने दूसरी बार जीती अध्यक्ष पद की कुर्सी, कांग्रेस प्रत्याशी को 3879 वोटों से हराया
खूंटी : खूंटी नगर पंचायत के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा बरकरार रखते हुए कांग्रेस समर्थित मनोनीत बोदरा को 3879 वोटों के बड़े अंतर से हराया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित सोनम बागे तीसरे स्थान पर रहीं।
अंतिम मतगणना परिणामों के अनुसार रानी टूटी (भाजपा समर्थित) को 9177 वोट, मनोनीत बोदरा (कांग्रेस समर्थित) को 5298 वोट और सोनम बागे (झामुमो समर्थित) को 2476 वोट मिले हैं। रानी टूटी की यह जीत खूंटी शहर में पिछले कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों पर जनता की मुहर के रूप में देखी जा रही है। मतदाताओं ने विकास और स्थिरता पर भरोसा जताया है।
मतगणना शुक्रवार सुबह 7 बजे से कदमा स्थित कृषि बाजार समिति के गोदाम में बनाए गए केंद्र पर शुरू हुई। पूरे परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नगर पंचायत में कुल 19 वार्ड हैं, और अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रमुख प्रत्याशी मैदान में थे। रानी टूटी की यह लगातार दूसरी जीत है, जिससे उन्होंने इतिहास रच दिया है। स्थानीय लोग अब उनके नेतृत्व में और तेज विकास की उम्मीद कर रहे हैं।


















