खेत से डिलीवरी बॉय का शव बरामद, जहर खाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले में एक चौंकाने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर गांव के एक खेत में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिला, जिसकी पहचान डिलीवरी बॉय मनोहर मंडल के रूप में हुई है। मनोहर हिरणपुर थाना क्षेत्र के तोड़ाई गांव का निवासी था और डिलीवरी का काम करता था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ ग्रामीण खेत से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर ताड़ के पेड़ के नीचे पड़े शव पर पड़ी। शव देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम, जिसमें एएसआई मनदीप मेहता शामिल थे, मौके पर पहुंची। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को एक पुड़िया में पाउडर जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह जहर हो सकता है और युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की हो। हालांकि, पुलिस हत्या के एंगल को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है और सभी पहलुओं से गहन जांच कर रही है।
एएसआई मनदीप मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

















