बोकारो कोर्ट में बम की धमकी से हड़कंप! 14 बम लगाने का दावा; एसपी खुद मौके पर, बम स्क्वॉड-डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे
बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार सुबह जिला व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) परिसर में भारी हड़कंप मच गया, जब रजिस्ट्रार के पास एक धमकी भरा ई-मेल पहुंचा। मेल में कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, साथ ही इसमें 14 बम लगाए जाने का दावा किया गया है। धमकी देने वाले के नाम के रूप में सौरव विश्वास का जिक्र सामने आया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तुरंत अलर्ट मोड में आकर कार्रवाई शुरू कर दी। पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) तथा डॉग स्क्वॉड की टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके साथ सिटी डीएसपी, हेडक्वार्टर डीएसपी, सिटी थाना प्रभारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि बाहर से विशेष जांच टीम बुलाई गई है, जबकि लोकल संसाधनों से न्यायालय, न्याय सदन और जिला अधिवक्ता बार एसोसिएशन परिसर की गहन जांच जारी है।
फिलहाल जांच जारी है और परिसर में किसी भी संदिग्ध वस्तु की तलाश की जा रही है। यह धमकी कितनी गंभीर है या यह महज अफवाह/होक्स है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

















