उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन रांची पहुंचे, हेलीकॉप्टर से खूंटी रवाना
रांची : भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज शनिवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। उनका विशेष विमान सुबह बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरा, जहां उनका भव्य और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उपराष्ट्रपति का स्वागत किया। झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद रहे।
औपचारिक स्वागत के तुरंत बाद उपराष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से खूंटी के लिए रवाना हो गए। खूंटी में वे भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थली उलीहातू गांव पहुंचकर आदिवासी नायक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उपराष्ट्रपति का यह एक दिवसीय दौरा है। खूंटी से लौटने के बाद वे रांची में आईआईएम के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और आईआईएम द्वारा तैयार किए गए वर्चुअल रियलिटी केस रिपॉजिटरी का भी शुभारंभ करेंगे।


















