Ranchi: Preparations for Census 2027 intensify, Deputy Commissioner distributes enumerators' kits; house listing operation to begin May 16

रांची में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, उपायुक्त ने बांटी प्रगणकों की किट, 16 मई से शुरू होगा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन

Share
Link copied
Ranchi: Preparations for Census 2027 intensify, Deputy Commissioner distributes enumerators' kits; house listing operation to begin May 16
Ranchi: Preparations for Census 2027 intensify, Deputy Commissioner distributes enumerators’ kits; house listing operation to begin May 16

रांची : जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर रांची जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रवेक्षकों (Supervisors) और प्रगणकों (Enumerators) के बीच आधिकारिक किट का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना कार्य को सुचारू, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना राष्ट्र की एक महत्वपूर्ण जनसांख्यिकीय प्रक्रिया है, जो विकास योजनाओं, नीति निर्माण और संसाधनों के उचित वितरण के लिए आधारभूत आंकड़े उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 की जनगणना को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा व्यापक तैयारी की गई है और रांची जिला इस कार्य में पूरी प्रतिबद्धता के साथ भाग लेगा।

16 मई से 14 जून तक चलेगा HLO अभियान

प्रशासन की ओर से बताया गया कि हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) एवं मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित की जाएगी। इस दौरान प्रगणक अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर प्रत्येक मकान, परिवार और अन्य स्थानों का विवरण तैयार करेंगे।

इस चरण में सभी मकानों का चिन्हांकन और सूचीकरण, परिवारों की प्रारंभिक सूची तैयार करना, टैबलेट और मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल डेटा संग्रह, शहरी स्लम, ग्रामीण क्षेत्रों और प्रवासी आबादी वाले इलाकों पर विशेष फोकस कार्य किए जाएंगे।

प्रगणकों को दी गई डिजिटल किट

प्रत्येक प्रगणक और प्रवेक्षक को मानक किट उपलब्ध कराई गई है। इसमें प्रशिक्षण सामग्री, पहचान पत्र, डिजिटल उपकरण, आवश्यक फॉर्मेट, पेन और बैग शामिल हैं। साथ ही जनगणना ऐप के उपयोग और प्रशिक्षण संबंधी गाइडलाइन भी दी गई है।

उपायुक्त ने सभी कर्मियों को गोपनीयता बनाए रखने और सही जानकारी संग्रहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों से अपील की कि वे इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित करें।

कार्यक्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, जिला जनगणना अधिकारी शेषनाथ बैठा, कांके प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सहित कई प्रवेक्षक और प्रगणक मौजूद थे। गौरतलब है कि जनगणना 2027 भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की जा रही है। यह देश की 16वीं राष्ट्रीय जनगणना होगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।