देर रात सड़कों पर उतरे एसएसपी राकेश रंजन, राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

रांची : राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा रात के समय पुलिस की सक्रियता का जायजा लेने के लिए रविवार देर रात एसएसपी राकेश रंजन खुद मैदान में उतरे। उनके साथ सिटी एसपी पारस राणा भी मौजूद रहे।
एसएसपी ने शहर के कई प्रमुख थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया और रात में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गश्ती दलों की कार्यशैली, वाहन चेकिंग अभियान, थाना में मौजूद पुलिस बल की तत्परता तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रात के समय गश्त को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। उन्होंने कहा कि राजधानी में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर पुलिस की कड़ी नजर है और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने कई स्थानों पर रुककर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया। अचानक हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई। वहीं, देर रात वरिष्ठ अधिकारियों को सड़कों पर देखकर आम लोगों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष जताया।

















