20251028 194924

चाईबासा पुलिस दमन के विरोध में कोल्हान बंद को आजसू पार्टी का समर्थन, राज्य सरकार को बताया आदिवासी-मूलवासी विरोधी

रांची : आजसू पार्टी ने चाईबासा में पुलिसिया दमन और 21 लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में आहूत कोल्हान बंद (पूर्वी सिंहभूम को छोड़कर) का पूर्ण समर्थन करने की घोषणा की है। पार्टी ने आदिवासी आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और गिरफ्तारियों की कड़ी निंदा की है तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)-कांग्रेस की राज्य सरकार पर आदिवासी-मूलवासी जनता के दमन का आरोप लगाया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में आदिवासी-मूलवासी समुदाय का लगातार दमन हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के चरित्र को आदिवासी-मूलवासी विरोधी करार देते हुए कहा कि यह सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है।

डॉ. देवशरण भगत ने विभिन्न घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “भोगनाडीह में हूल दिवस पर सिदो-कान्हु के वंशजों पर लाठियां बरसाई गईं। गोड्डा में सामाजिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा का एनकाउंटर कर दिया गया। रांची में सरना स्थल की रक्षा के लिए आंदोलन कर रहे लोगों पर भी पुलिस ने लाठियां चलाईं।”

उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आजसू पार्टी चुप नहीं बैठेगी। राज्य में माफिया तत्व बालू, कोयला और अन्य खनिजों का अवैध खनन तथा परिवहन खुलेआम कर रहे हैं, जबकि आम जनता इससे प्रभावित हो रही है।

चाईबासा में भारी वाहनों के प्रवेश से स्थानीय लोग परेशान हैं। पहले इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित था, लेकिन झामुमो-कांग्रेस के इशारे पर इसे फिर से शुरू कर दिया गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है।

आजसू पार्टी ने कोल्हान बंद के दौरान जनता से शांतिपूर्ण सहयोग की अपील की है और सरकार से मांग की है कि गिरफ्तार लोगों को तुरंत रिहा किया जाए तथा दमनकारी कार्रवाइयों पर रोक लगाई जाए।

Share via
Share via