20250918 203927

झारखंड में हेमंत सरकार पर भाजपा का तीखा हमला: विकास विरोधी, आतंकवादियों का सेफ जोन बना झारखंड – अरुण सिंह

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह ने आज रांची में प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हेमंत सरकार को विकास विरोधी करार देते हुए राज्य को आतंकवादियों का सुरक्षित ठिकाना और घोटालों का केंद्र बताया। साथ ही राहुल गांधी को सबसे बड़ा झूठा बताते हुए कांग्रेस को पाताल में ले जाने का आरोप लगाया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप

अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार गांव, गरीब, किसान, आदिवासी, दलित और पिछड़ों को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य कर रही है, वहीं झारखंड की हेमंत सरकार लूट-खसोट, घोटालों, अवैध खनन और तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा, “राज्य में विकास पूरी तरह ठप है। सड़कें टूटी हुई हैं, बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। जंगलराज की स्थिति है, उग्रवाद फिर से सिर उठा रहा है। तुष्टीकरण की नीति के कारण आईएसआई के एजेंटों को यहां सुरक्षित पनाह मिल रही है।”

उन्होंने अवैध उत्खनन और पत्थर माफिया के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रमाण है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड एक ऐसा अनूठा राज्य है, जहां घोटालों की फाइलें गायब हो जाती हैं और अफरातफरी का माहौल है।

यूरिया कालाबाजारी और युवाओं की बदहाली

अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रचुर मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराने के बावजूद राज्य में कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने हेमंत सरकार पर युवाओं को रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर करने और ‘मइयां सम्मान’ योजना के नाम पर महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगाया। साथ ही जल जीवन मिशन के अधूरे रहने पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “जनता ने हेमंत सरकार को लूट-खसोट के लिए नहीं, बल्कि वादे पूरे करने के लिए वोट दिया था, लेकिन यह सरकार जनता को फिर से धोखा दे रही है।”

राहुल गांधी पर तीखा प्रहार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अरुण सिंह ने कहा, “राहुल गांधी अपरिपक्व हैं और खुद को बेताज बादशाह समझते हैं। वे सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमला कर रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कांग्रेस को धरातल से पाताल तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जहां राहुल गांधी चुनाव जीतते हैं, वहां वोटर लिस्ट और ईवीएम ठीक रहते हैं, लेकिन जहां हारते हैं, वहां वोट चोरी और ईवीएम में गड़बड़ी दिखती है। आखिर उन्हें समझाए कौन?”

बिहार में इंडी गठबंधन का होगा सफाया

अरुण सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भी भविष्यवाणी की और कहा कि इंडी गठबंधन का पूरी तरह सफाया होगा और एनडीए फिर से मजबूत सरकार बनाएगी।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता अजय साह और प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह मौजूद थे।

Share via
Share via