भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव: नितिन नबीन आज दाखिल करेंगे नामांकन, 20 जनवरी को निर्विरोध चुनाव की संभावना
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी मुख्यालय में होने वाली इस प्रक्रिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नितिन नबीन को पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की प्रबल संभावना है, क्योंकि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनकी उम्मीदवारी का खुलकर समर्थन किया है। बिहार से पांच बार के विधायक और पूर्व मंत्री नबीन को दिसंबर 2025 में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। 45 वर्षीय नबीन यदि चुने जाते हैं, तो वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम का विवरण (भाजपा राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा जारी):
नामांकन दाखिल करने की तिथि आज 19 जनवरी (सोमवार), दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक है। नामांकन पत्रों की जांच आज शाम 4 बजे से 5 बजे तक। नामांकन वापसी शाम 5 बजे से 6 बजे तक। वहीं अगर एक से अधिक नामांकन दाखिल हो तो 20 जनवरी को मतदान होगा और उसी दिन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में उतरने की संभावना न के बराबर है, इसलिए यह प्रक्रिया महज औपचारिकता साबित होगी। वर्तमान अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2020 से चल रहा था, जिसे समय-समय पर बढ़ाया गया। नड्डा अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में सक्रिय हैं।

















