बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब कारोबार पर छापेमारी, एक गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त

बोकारो पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर 09, राजेंद्र गोड के पास स्थित एक झोपड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी मनोज वर्मा को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा आरोपी जितेंद्र कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक, बोकारो को गुप्त सूचना मिली थी कि 02 अक्टूबर और विजय दशमी को घोषित ड्राई डे का उल्लंघन करते हुए मनोज वर्मा और जितेंद्र कुमार द्वारा अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। शराबियों द्वारा मेला और सड़कों पर हंगामा करने की भी शिकायत थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, पुलिस उपाधीक्षक (नगर), बोकारो के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें मनोज वर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी और देसी शराब बरामद की गई। फरार जितेंद्र कुमार की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।

पुलिस अधीक्षक, बोकारो ने कहा कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। फरार आरोपी जितेंद्र कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। बोकारो पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



















