चाईबासा: सोनुआ में दो लड़कियों के अपहरण का प्रयास, गाड़ी से कूदकर बचाई जान, पुलिस जांच में जुटी
चाईबासा: सोनुआ में दो लड़कियों के अपहरण का प्रयास, गाड़ी से कूदकर बचाई जान, पुलिस जांच में जुटी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चाईबासा, 20 अगस्त : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के चमकपुर गांव में मंगलवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण का प्रयास किया गया। दोनों लड़कियों ने हिम्मत दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात को दोनों नाबालिग लड़कियां अपने घर के पास शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उन्हें जबरन उठाकर एक छोटा हाथी वाहन में बैठा लिया। अपहरणकर्ता एक वाहन में लड़कियों को ले जा रहे थे, जबकि दूसरा वाहन उनके साथ था। रास्ते में वाहन की गति धीमी होने पर दोनों लड़कियों ने साहस का परिचय देते हुए गाड़ी से छलांग लगा दी और भागकर गोईलकेरा थाना क्षेत्र के गोटम्बा गांव पहुंचीं। वहां उन्होंने एक सहिया के घर में रातभर शरण ली।
बुधवार सुबह लड़कियों की दोस्त ने इस घटना की जानकारी कुईड़ा पंचायत के मुखिया डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई को दी। मुखिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों लड़कियों को सोनुआ थाना पहुंचाया। लड़कियों ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सोनुआ थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और वे प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

















