मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने की महिला महाविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के निर्माण व जीर्णोद्धार की समीक्षा, दिए अहम निर्देश
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्तावित राज्य के विभिन्न जिलों में महिला महाविद्यालयों और महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों के नवनिर्माण व जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कार्य योजनाओं में तेजी लाने, समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने रांची, चाईबासा, गिरिडीह, धनबाद, दुमका, हजारीबाग, पलामू, देवघर और जमशेदपुर में प्रस्तावित महिला महाविद्यालयों के निर्माण व जीर्णोद्धार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन संस्थानों के विकास से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च व तकनीकी शिक्षा के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा को शीघ्र दूर किया जाए। नए भवनों में सेंट्रलाइज्ड वॉटर टैंक, यूटिलिटी सेंटर, ग्रीन कैंपस और ऊर्जा दक्षता जैसे आधुनिक मानकों का पालन हो। साथ ही, निर्माण के दौरान छात्राओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े और कैंपस की साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महिला महाविद्यालयों के लिए डीपीआर की जानकारी
बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न महिला महाविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए तैयार किए गए डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) की जानकारी दी। इनमें शामिल हैं:
रांची महिला महाविद्यालय, रांची : नवनिर्माण व जीर्णोद्धार के लिए 364 करोड़ रुपये।
महिला महाविद्यालय चाईबासा : 281 करोड़ रुपये।
आर.के. महिला महाविद्यालय गिरिडीह : पुराने भवन के जीर्णोद्धार के लिए 8.60 करोड़ रुपये और नए भवन (20 एकड़) के लिए 242 करोड़ रुपये।
एस.एस.एल.एन.टी. महिला महाविद्यालय धनबाद : जीर्णोद्धार के लिए 37.47 करोड़ रुपये और नए भवन (25 एकड़) के लिए 162 करोड़ रुपये।
एस.पी. महिला महाविद्यालय, दुमका : 43.62 करोड़ रुपये।
के.बी. महिला महाविद्यालय, हजारीबाग : 32 करोड़ रुपये।
वाई.एस.एन. महिला महाविद्यालय, मेदनीनगर (पलामू) : 29.18 करोड़ रुपये।
आर.डी. बाजला महिला महाविद्यालय, देवघर : 23.78 करोड़ रुपये।
दि ग्रैजुएट स्कूल कॉलेज फॉर विमेंस, जमशेदपुर : जीर्णोद्धार के लिए 16.65 करोड़ रुपये।
महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों को स्टेट ऑफ द आर्ट बनाने की योजना
मुख्यमंत्री को रांची, जमशेदपुर, बोकारो और दुमका के राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों को अत्याधुनिक (State of the Art) संस्थानों के रूप में विकसित करने की कार्य योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने इन संस्थानों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभाग के अपर सचिव सुनील कुमार, अवर सचिव सैयद रियाज अहमद, उप निदेशक डॉ. विभा पांडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन से झारखंड में महिला शिक्षा को नया आयाम मिलेगा, जिससे राज्य की छात्राएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

















