मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नए साल के अवसर पर रांची शहर का भ्रमण किया, धुर्वा डैम को पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के दिए निर्देश
रांची : नए साल के आगाज पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची शहर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने धुर्वा डैम एवं अन्य पिकनिक स्पॉट्स का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तार से अवलोकन किया। चाय की चुस्कियों के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हुए हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और धुर्वा डैम रांची शहर के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख आकर्षण बन सकेगा। उन्होंने कहा, “धुर्वा डैम न केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं। सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी।”
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुझाव लिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी।
इसके बाद हेमंत सोरेन ने धुर्वा स्थित झारखंड ज्यूडिशियल अकादमी का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

















