रंगदारी गिरोह का भंडाफोड़: मार्बल कारोबारी को जान से मारने की धमकी, 3 बदमाश गिरफ्तार, एक फरार

रंगदारी गिरोह का भंडाफोड़: मार्बल कारोबारी को जान से मारने की धमकी, 3 बदमाश गिरफ्तार, एक फरार

Share
Link copied

पलामू : झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक स्थानीय मार्बल व्यवसायी को रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस साजिश में शामिल तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य बदमाश की तलाश जारी है।

मामला हुसैनाबाद थाना कांड संख्या-63/26, दिनांक 19 मार्च 2026 का है। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(3)/308(4)/351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को पकड़ लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य साजिशकर्ता रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से रंगदारी की साजिश रच रहा था। उसके सहयोगी शुभम केशरी और अमन कुमार चौरसिया नशे की हालत में लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन चुराते थे और चोरी के मोबाइल व सिम कार्ड मुख्य अभियुक्त को उपलब्ध कराते थे।

चोरी के मोबाइल और सिम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके निशानदेही पर रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा अन्य दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस गिरोह का एक अन्य सदस्य प्रिंस कुमार उर्फ प्रिंस कुमार मेहता, निवासी लोहरपुरा, थाना हैदरनगर, जिला पलामू अभी फरार है। वह पहले से कई मामलों में वांछित है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों का अपराधिक इतिहास रहा है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।