प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’ जनशक्ति को जागृत करने वाला अनोखा कार्यक्रम: बाबूलाल मरांडी
रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश कार्यालय में आगामी 29 मार्च 2026 को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह देश की जनशक्ति को बढ़ाने और जागृत करने वाला सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ आज देश के जन-जन का अपना कार्यक्रम बन गया है। इस मासिक संवाद के माध्यम से वे देश की जनशक्ति को जागृत करने का महान कार्य कर रहे हैं। झारखंड के अनेक प्राकृतिक धरोहरों, गुमनाम नायकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और महापुरुषों का उल्लेख करके प्रधानमंत्री ने उन्हें राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है, जो प्रेरणादायक है।”1
बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने भी संगठन स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी और महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। ‘मन की बात’ के प्रदेश संयोजक कुमार अमित ने बैठक का संचालन किया, जबकि रांची महानगर महामंत्री बलराम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर सभी जिला स्तर के ‘मन की बात’ संयोजक और सह-संयोजक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 29 मार्च को सुबह 11 बजे प्रसारित होने वाले इस 132वें एपिसोड को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियां सुनिश्चित करना था।


















