take-pledge-feed-lotus-jharkhand-no

झारखंड में कमल खिलाने का संकल्प लें, जीतने से कोई ताकत नहीं रोक सकती: नितिन नवीन

Share
Link copied
take-pledge-feed-lotus-jharkhand-no
take-pledge-feed-lotus-jharkhand-no

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड में पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राज्य में कमल खिलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब विपरीत परिस्थितियों में वहां भाजपा जीत हासिल कर सकती है, तो झारखंड तो पार्टी का गढ़ रहा है। जिस दिन कार्यकर्ता जीत का संकल्प ले लेंगे, उस दिन उन्हें कोई ताकत रोक नहीं सकती। वह शनिवार को रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू के हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

नितिन नवीन ने कांग्रेस पर संविधान की मर्यादा को सबसे अधिक तार-तार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने अपने शासनकाल में आपातकाल लगाया और संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन किया। उन्होंने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने और देशविरोधी ताकतों के टूलकिट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाने के प्रयासों के प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना होगा।

भाजपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाने वाले विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि उन्हें नागरिकों के अधिकारों से ज्यादा घुसपैठियों को संरक्षण देने की चिंता है। उन्होंने कहा कि देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरने को भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा है। उनके नेतृत्व में भारत विकास की नई गाथा लिख रहा है। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता की स्वीकार्यता मिली है। कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं और सरकार के कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जरूरत है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनका जन्मस्थान है और उनकी शिक्षा का काफी समय भी इसी प्रदेश में बीता है। इस भूमि पर आकर कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य की स्थापना अटल बिहारी वाजपेयी ने की, उसे आगे बढ़ाने और संवारने की जिम्मेदारी भाजपा कार्यकर्ताओं को निभानी है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की धरती झारखंड की सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर आदिवासी समाज के सम्मान को राष्ट्रीय पहचान दी। उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने को भी जनजातीय समाज के सम्मान से जोड़ते हुए भाजपा सरकार के प्रयासों की सराहना की।

नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के विचार, संगठन और नेतृत्व की मौजूदगी झारखंड के हर कोने में है। जरूरत है कि कार्यकर्ता जनता के बीच अधिक समय दें और संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्ट टाइम राजनीति नहीं करते, बल्कि 24 घंटे और सातों दिन सेवा भाव से काम करते हैं। उनका मंत्र ‘नेशन फर्स्ट, सेल्फ लास्ट’ होना चाहिए।

नितिन नवीन ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य में अराजकता और अव्यवस्था का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा नेताओं को युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय, रोजगार, कानून-व्यवस्था और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर विधानसभा स्तर पर मुद्दों की पहचान की जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से सदन तक संघर्ष करने और जनता को साथ लेकर आंदोलन चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को मिली जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए संगठन के निर्णयों को जमीन पर उतारना होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत झारखंड की धरती से हुई और आज देश के करोड़ों लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि विकास की इस गति के साथ झारखंड को भी आगे बढ़ाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कार्यकर्ताओं से झारखंड में भाजपा की विकासोन्मुख सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार, खनिज संपदा की लूट, रोजगार में अनियमितता और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आरोप लगाए। आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं और उनकी सरकार ने कई ऐसे कार्य किए हैं, जिन्हें पहले असंभव माना जाता था। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के प्रयासों से उग्रवाद के खिलाफ अभियान को सफलता मिली है और देश में सुरक्षा की स्थिति मजबूत हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में स्थानीय भाषाओं और युवाओं के हितों की अनदेखी की जा रही है तथा नौकरी के मुद्दे पर छात्रों को आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने छात्रों के मुद्दों पर सड़क पर उतरकर आवाज उठाई है। उन्होंने विधवा और वृद्धावस्था पेंशन में कथित अनियमितताओं तथा पेसा कानून के दुरुपयोग को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को संगठन से जोड़ने और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का झारखंडी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप स्वागत किया गया। पारंपरिक लोटा-पानी की रस्म, ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा, पाइका नृत्य और छऊ नृत्य के माध्यम से उनका अभिनंदन किया गया। बैठक की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुई। मंच पर उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों को पारंपरिक जनजातीय शॉल और छऊ मुखौटा भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले नितिन नवीन ने राज्य के सभी 31 सांगठनिक जिलों के अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया।

बैठक में राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा और चंपाई सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और रवींद्र राय सहित पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मोर्चा पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।