रांची पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, आज प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को करेंगे संबोधित

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शुक्रवार शाम तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर राजधानी रांची पहुंच गए। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका झारखंड का दूसरा दौरा है। आज शनिवार को वे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन देंगे।
नितिन नबीन का जन्म रांची में ही हुआ था। एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “रांची मेरे लिए दूसरा घर है। यहां मेरा जन्म और शिक्षा का एक हिस्सा हुआ है। जब भी मौका मिलता है, मैं यहां आने को उत्सुक रहता हूं। मैं भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आया हूं। झारखंड में भाजपा संगठन के जन-मुद्दों को सड़क पर उठाने के तरीके से मैं प्रेरित हूं। हम विपक्ष में होते हुए भी जन-मुद्दों को उठाने और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने पर फोकस कर रहे हैं। अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। हम लोकतंत्र की सीमाओं में रहकर संवाद और संघर्ष दोनों से आगे बढ़ेंगे।”
स्वागत समारोह में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सांसद मनीष जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय फूलों की वर्षा और भाजपा झंडों के बीच नितिन नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट किए गए। रात में वे अपनी छोटी मां के घर विश्राम करने पहुंचे।
आज 24 अक्टूबर को सुकुरहुतू स्थित रांची हवेली बैंक्वेट में दो महत्वपूर्ण बैठकें हो रही हैं। सुबह करीब 11:40 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों से रणनीतिक बैठक करेंगे। इसका मकसद जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करना और भविष्य की रूपरेखा तय करना है।
दोपहर तीन बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन सत्र होगा, जिसमें नितिन नबीन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। बैठक में संगठनात्मक मुद्दों, मिशन 2029, गिरिडीह उपचुनाव की रणनीति और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है। संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी बैठक में शामिल हो सकते हैं।
प्रदेश भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर राजधानी को झंडों, बैनरों और कटआउट्स से सजाया था। पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। नितिन नबीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे जनवरी 2026 में जेपी नड्डा का स्थान लेकर अध्यक्ष बने थे। इससे पहले वे बिहार में पथ निर्माण मंत्री रह चुके हैं, वे पांच बार विधायक चुने गए हैं।
यह दौरा झारखंड में भाजपा संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 25 अक्टूबर को भी वे संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

रांची समेत पूरे झारखंड में आज साफ और सुहाना मौसम, बारिश की कोई संभावना नहीं
रांची: शनिवार को झारखंड में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी रांची…

यूपी: CBI ने ED के दो अधिकारियों को रिश्वत मामले में किया गिरफ्तार, 5 लाख रुपये मांगने का आरोप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दो कर्मियों के खिलाफ रिश्वतखोरी के मामले…
















