suspecting-husband-angry-laws-mother-desecrated

पति पर शक और ससुराल की नाराजगी में मां ने उजाड़ा अपना ही परिवार, बेटे और भतीजे की हत्या में गिरफ्तार

Share
Link copied
suspecting-husband-angry-laws-mother-desecrated
suspecting-husband-angry-laws-mother-desecrated

दुमका: पति के दूसरी महिला से संबंध होने का शक और ससुराल में जेठानी को अधिक तवज्जो मिलने की नाराजगी में एक महिला ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि पूरा परिवार उजड़ गया। आरोप है कि महिला ने अपने आठ वर्षीय बेटे और 11 वर्षीय भतीजे को कुएं में धकेलकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है।

मामला गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगाटांड़ गांव का है, जहां एक कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए थे। शुक्रवार शाम दुमका में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, महिला 19 अक्टूबर को अपने पति, दो भतीजियों, बेटे और भतीजे के साथ पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड स्थित अपने ससुराल बलियाडंगाल से मेला देखने दुमका आई थी। शहर में कई जगह घूमने के बाद महिला अपने बेटे और भतीजे के साथ नगर थाना के सामने से अचानक लापता हो गई। इसके बाद पति ने थाने में आवेदन देकर पत्नी और दोनों बच्चों के गायब होने की सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें महिला दोनों बच्चों के साथ ई-रिक्शा से दुधानी इलाके की ओर जाती दिखाई दी।

जांच में सामने आया कि महिला दुधानी चौक से कार किराये पर लेकर गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र स्थित अपने मायके सलगाटांड़ पहुंची थी। वहां वह दोनों बच्चों को लेकर घर से कुछ दूरी पर बने एक कुएं के पास गई और कथित तौर पर दोनों को उसमें धकेल दिया। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने हत्या की बात स्वीकार की है।

एसपी पीतांबर सिंह खेरवार के अनुसार, महिला को शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसके अलावा वह इस बात से भी नाराज रहती थी कि ससुराल में उसकी जेठानी को अधिक तवज्जो दी जाती है। पुलिस का कहना है कि इसी नाराजगी में महिला ने अपने बेटे और जेठानी के इकलौते बेटे को मारने की साजिश रची।

एसपी ने बताया कि दोनों बच्चों की हत्या के बाद महिला ने घटनास्थल के पास अपनी साड़ी से फांसी लगाकर जान देने का प्रयास भी किया था, लेकिन बाद में उसने अपना इरादा बदल दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।