bjp-state-charge-gajendra-singh-patel

उलिहातू पहुंचे BJP प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, बिरसा मुंडा को किया नमन

Share
Link copied

 

वंशजों से मिले, वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा से लिया मार्गदर्शन; कार्यकर्ता के घर झारखंडी व्यंजनों का लिया स्वाद

खूंटी। भाजपा के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को खूंटी पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा और बुधराम मुंडा से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। प्रदेश प्रभारी के साथ झारखंड भाजपा के दोनों सह-प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू भी मौजूद रहे। पटेल ने कहा कि बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर आना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद किया।

RKDF
advertisement

जनजातीय समाज से संगठन का जुड़ाव बढ़ाने पर जोर

गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज भाजपा की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के कल्याण और सम्मान के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका को देशभर में सम्मान मिले, इसी उद्देश्य से उनके जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि झारखंड भाजपा आने वाले समय में जनजातीय समाज के साथ अपने संवाद और संपर्क को और मजबूत करेगी। गांव-गांव तक संगठन की पहुंच बढ़ाने तथा जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, विकास और कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात उन्होंने कही।

Advertisment
Advertisment

आदित्य साहू ने सरकार पर साधा निशाना

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत पूजा-अर्चना से करने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत प्रदेश प्रभारी और दोनों सह-प्रभारियों ने कार्यभार संभालने से पहले उलिहातू पहुंचकर बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। साहू ने राज्य सरकार पर उलिहातू के विकास को लेकर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में गांव में सड़क और पुस्तकालय सहित विकास कार्य कराए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार के छह साल से अधिक के कार्यकाल के बावजूद गांव के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।

Advertisment
Advertisment

कड़िया मुंडा से लिया संगठनात्मक मार्गदर्शन

प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल और दोनों सह-प्रभारियों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा से भी मुलाकात की। नेताओं ने उनका कुशलक्षेम जाना और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान झारखंड की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों, संगठन की गतिविधियों और पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। कड़िया मुंडा ने प्रदेश प्रभारी को राज्य की परिस्थितियों से अवगत कराया और संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए। पटेल ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और मार्गदर्शन भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण ताकत है। उनके अनुभव से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

Advertisment
Advertisment

कार्यकर्ता के घर पहुंचे प्रदेश प्रभारी, खाए पारंपरिक व्यंजन

खूंटी प्रवास के दौरान प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल पार्टी के पुराने कार्यकर्ता और मुखिया फागु मुंडा के घर भी पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और पारंपरिक झारखंडी भोजन किया।भोजन में मड़ुआ रोटी, बर्रा, धुस्का, गुलगुला, देहाती चावल, दाल और लाल साग सहित कई स्थानीय व्यंजन परोसे गए। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय संबंध का उदाहरण बताया।

Advertisment
Advertisment

ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के साथ हुआ स्वागत

इससे पहले खूंटी पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी और दोनों सह-प्रभारियों का भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक झारखंडी अंदाज में स्वागत किया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों, झारखंडी नृत्य और पुष्पवर्षा के बीच नेताओं का अभिनंदन किया गया। खूंटी के विभिन्न स्थानों पर भी भाजपा नेताओं ने महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। सुभाष चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस, खूंटी नीचे चौक पर भगत सिंह और जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा साइको स्थित गया मुंडा चौक पर भी पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव, बिरंची नारायण, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, सुनीता सिंह, शालिनी बैसिखियार, योगेंद्र प्रताप सिंह, संदीप वर्मा, सूरज शाहदेव, तारिक इमरान, सतीश सिन्हा, कोचे मुंडा, राहुल शाहदेव, आनंद कुमार, चंद्रशेखर गुप्ता और प्रियंक भगत समेत कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।