स्थापना पखवाड़ा: विकास, स्वच्छता और जनभागीदारी के रंग में रंगा झारखंड

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के तहत आयोजित स्थापना पखवाड़ा राज्यभर में विकास, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता के उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ थीम पर विभिन्न जिलों में महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण आजीविका, कृषि, पशुपालन, आवास, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता और नशामुक्ति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। रांची, गढ़वा, लातेहार, दुमका, कोडरमा, गिरिडीह, गुमला और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
महिला सशक्तीकरण और आजीविका को बढ़ावा
स्थापना पखवाड़े के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने की पहल की जा रही है। रांची के रातू प्रखंड में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत पांच महिलाओं को 1.90 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र दिए गए। इटकी में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत तीन मृतक लाभुकों के आश्रितों को छह लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई।
सोनाहातू में मंईयां सम्मान योजना की चार लाभुक महिलाओं ने सहायता राशि से बाँस की टोकरी निर्माण का स्वरोजगार शुरू किया। वहीं, सादमा प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से महिला किसानों की शिमला मिर्च की प्रतिदिन लगभग दो क्विंटल बिक्री हो रही है, जिससे 15 हजार रुपये का कारोबार हो रहा है। रांची जिले में सामुदायिक निवेश निधि के तहत सामुदायिक आजीविका संगठनों (CLF) को 1.97 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई।
आवास और विकास योजनाओं को मिली गति
आवास योजनाओं के तहत कई परिवारों का अपने घर का सपना पूरा हुआ। कोडरमा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास, PM-JANMAN और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत 139 परिवारों ने गृह प्रवेश किया। सरायकेला-खरसावां में गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान 15 से 19 नवंबर तक 626 परिवारों को नए आवास मिले। इनमें 19 नवंबर को 92 परिवारों ने अपने नए घर में प्रवेश किया।
गिरिडीह में भी विभिन्न ग्रामीण आवास योजनाओं के लाभुकों ने नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश किया। वहीं, गुमला के रायडीह प्रखंड में नई WBM सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। गढ़वा के डंडई एवं धुरकी में तालाब और सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
पोषण और स्वास्थ्य गतिविधियों में हजारों की भागीदारी
पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में पूरक पोषाहार कार्यक्रम के तहत THR एवं गर्म पका भोजन वितरण, स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी और पोषण व्यंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 19 नवंबर को इन गतिविधियों में राज्यभर में 1,03,308 लोगों ने भाग लिया। गिरिडीह में 1,213 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित हुए। रांची में पशुधन संरक्षण के तहत 1,561 बकरियों का टीकाकरण किया गया।
स्वच्छता और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान
विभिन्न जिलों में तंबाकू निषेध शपथ, जागरूकता रैलियां और नुक्कड़ संवाद के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। गिरिडीह, लातेहार, दुमका, गुमला और सरायकेला-खरसावां में इस दिशा में विशेष अभियान चलाए गए। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर पंचायतों में स्वच्छ शौचालयों के नियमित उपयोग और रखरखाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोडरमा और दुमका में सार्वजनिक शौचालयों की सफाई तथा सफाई मित्रों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया।
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से झारखंड की विरासत का उत्सव
स्थापना पखवाड़े के दौरान खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों को राज्य की समृद्ध विरासत से जोड़ने की पहल की जा रही है। दुमका में जिला स्तरीय फुटबॉल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। गुमला, लातेहार सहित अन्य जिलों के विद्यालयों में क्विज, निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, जनजातीय संस्कृति और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराया गया।
रांची के मोरहाबादी मैदान में 20 एवं 21 नवंबर को पारंपरिक जनजातीय खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी।।स्थापना पखवाड़े के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियां सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, महिला उद्यमिता, युवाओं की भागीदारी और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं विकसित झारखंड के संकल्प को आगे बढ़ा रही हैं।

वन्यजीव संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों की सुविधाओं का भी रखें ध्यान : हेमंत सोरेन
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक हुई। बैठक…

चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ को लेकर झारखंड अलर्ट, आपदा मंत्री ने की दो घंटे समीक्षा बैठक, DC और सिविल सर्जनों को सख्त निर्देश
रांची: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट हो गई है।…

















