रांची की 305 पंचायतों में पौधारोपण, 1,000 गरीब परिवारों को आजीविका से जोड़ने की पहल; बिजली शिकायतों के लिए 26 नवंबर तक लगेंगे शिविर
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े में विकास और जनकल्याण की गतिविधियां तेज, 425 बकरियों का टीकाकरण, महिलाओं के समूह को मिला 32 लाख रुपये का सामुदायिक निवेश
रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार, 18 नवंबर को जिले की सभी 305 ग्राम पंचायतों में पौधारोपण अभियान चलाया गया। वहीं, ग्रामीण गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण देने और बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए भी कई पहल की गईं। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के सभी प्रखंडों में पंचायत भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, तालाब और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए गए। पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों को सौंपी गई है। प्रशासन ने लोगों से पौधों की देखभाल करने और गांवों को हरा-भरा बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की है।
राहे में 1,000 अति गरीब परिवारों का चयन
ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तीकरण के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। समावेशी आजीविका योजना (SAY) के तहत राहे प्रखंड में 1,000 अति गरीब परिवारों का चयन किया गया है। इनमें 790 अनुसूचित जनजाति, 103 अनुसूचित जाति, 100 अन्य पिछड़ा वर्ग और सात सामान्य वर्ग के परिवार शामिल हैं।
अब तक 719 परिवारों को प्रति परिवार 1,500 रुपये की उपभोग सहायता अनुदान राशि दी गई है। वहीं, 805 परिवारों को किचन गार्डन किट उपलब्ध कराई गई है। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों को खाद्य एवं पोषण सुरक्षा के साथ आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
महिला समूह को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि
कांके प्रखंड के नेवरी क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (CIF) वितरित की गई है। इसके अलावा बुंडू प्रखंड के दलकीडीह गांव में 16 किसानों के बीच मटर बीज और पोषण वाटिका किट का वितरण किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों में 425 बकरियों का टीकाकरण भी किया गया। स्वयं सहायता समूहों (SHG) के वित्तीय लेन-देन और ग्राम संगठनों की कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए विशेष शिविर लगाए गए। वहीं, आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान के तहत लगभग 1,506 लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा किया गया।
किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण
सोनाहातू प्रखंड की दुलमी पंचायत में खेत बचाओ अभियान और कृषोन्नति योजना के तहत किसानों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम बेहराजरा के सचिव स्वामी सुशीलानंद महाराज और प्रखंड तकनीकी प्रबंधक दीनानाथ भगत ने किसानों को प्रशिक्षण दिया।किसानों को मिट्टी की जांच, संतुलित उर्वरक उपयोग और बीजोपचार की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बीजामृत, जीवामृत, निमास्त्र, अग्न्यास्त्र, ब्रह्मास्त्र और दशपर्णी अर्क तैयार करने तथा इनके इस्तेमाल की विधि बताई गई। छाछ के माध्यम से कीट एवं रोग नियंत्रण की जानकारी भी दी गई।
बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के लिए 26 नवंबर तक शिविर
स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान विद्युत आपूर्ति अंचल रांची की ओर से 26 नवंबर तक विशेष जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है।इन शिविरों में नए बिजली कनेक्शन, बिल में सुधार, बिल नहीं मिलने, मोबाइल नंबर अपडेट, खराब ट्रांसफॉर्मर और बिजली के पोल से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। विभाग ने उपभोक्ताओं से निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
स्कूलों में विद्यार्थियों को बताई गई झारखंड की गौरव गाथा
शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी स्कूलों में झारखंड के इतिहास, राज्य गठन आंदोलन, महापुरुषों, आंदोलनकारियों और समृद्ध जनजातीय विरासत से विद्यार्थियों को परिचित कराया गया। इस दौरान क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
चापाकलों की मरम्मत और स्वच्छता अभियान
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से जिले में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में खराब चापाकलों की मरम्मत का काम भी कराया जा रहा है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।इसके अतिरिक्त बेड़ो प्रखंड की केशा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के एक लाभुक के नवनिर्मित मकान में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन का कहना है कि स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह 22 नवंबर को, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे शामिल
रांची: झारखंड विधानसभा के गठन के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आगामी 22 नवंबर 2026 को विधानसभा परिसर में 26वीं…

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अकवन’ का असर, झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश के आसार; 11 जिलों में अलर्ट जैसी स्थिति
रांची: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ (Akvan) का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है।…


















