update-three-workers-killed-two-seriously

UPDATE : NTPC हादसे में तीन मजदूरों की मौत, दो गंभीर घायल: घटनास्थल पर हंगामा, विधायक और झामुमो नेता पहुंचे; थायसन-सिंपलेक्स की भूमिका पर उठे सवाल

Share
Link copied

टंडवा (चतरा): एनटीपीसी के नॉर्थ कर्णपुरा पावर प्लांट में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का ढांचा गिरने से हुए भीषण हादसे में तीन मजदूरों की मौत और दो के घायल होने के बाद मामला गरमा गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर मजदूरों और मृतकों के परिजनों का आक्रोश देखने को मिला। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को मौके पर पहुंचना पड़ा। इस बीच सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास समेत झामुमो के कई नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे।

संजीवनी अस्पताल में घायलों का इलाज, घटनास्थल पर हंगामा

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना प्लांट के कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP) के जेएच-1 लोकेशन पर हुई। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का ढांचा अचानक गिरने से वहां काम कर रहे पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए। तीन मजदूरों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बनी रही। बताया गया कि एक मृत मजदूर का शव घटनास्थल पर पड़ा रहने से परिजनों और अन्य श्रमिकों में नाराजगी बढ़ गई। इसी दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष नीलेश ज्ञासेन और सीआईएसएफ जवानों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

विधायक उज्ज्वल दास समेत झामुमो नेता पहुंचे

घटना की सूचना मिलने पर सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, झामुमो जिलाध्यक्ष नीलेश ज्ञासेन और जिला कोषाध्यक्ष नितेश राणा भी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मजदूरों की सुरक्षा और जिम्मेदार कंपनियों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

NTPC ने जारी किया आधिकारिक बयान

इधर, एनटीपीसी प्रबंधन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हादसे में तीन श्रमिकों की मौत और दो के घायल होने की पुष्टि की है। विज्ञप्ति के मुताबिक, मृतक और घायल श्रमिक मेसर्स सिम्पलेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड (Simplex Infrastructures Limited) एवं मेसर्स थायसनक्रुप (ThyssenKrupp) के अंतर्गत कार्यरत थे। प्रबंधन ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है। साथ ही बताया है कि घायलों का उचित इलाज कराया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी देने की बात कही गई है।

थायसन से सिंपलेक्स तक जवाबदेही तय करने की मांग

इस हादसे के बाद अब निर्माण कार्य में शामिल कंपनियों की भूमिका जांच के दायरे में आने की मांग उठ रही है। निर्माणाधीन ढांचे की डिजाइन, तकनीकी मजबूती, निर्माण सामग्री और सुरक्षा मानकों के पालन की जांच जरूरी है। यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि निर्माण कार्य की निगरानी किसकी जिम्मेदारी थी और हादसे के समय कार्यस्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम मौजूद थे। तीन मजदूरों की मौत ने एक बार फिर बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि एनटीपीसी की जांच में दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या सामने आती है और जिम्मेदारी किसकी तय होती है। मजदूरों की मौत के बाद केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि पारदर्शी जांच और जवाबदेही भी जरूरी है।

इसे भी पढ़ें
NTPC प्लांट में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर तीन मजदूरों की मौत, दो घायल; Simplex और ThyssenKrupp के अधीन काम कर रहे थे श्रमिक, NTPC ने जताया शोक
इसे भी पढ़ें

NTPC प्लांट में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर तीन मजदूरों की मौत, दो घायल; Simplex और ThyssenKrupp के अधीन काम कर रहे थे श्रमिक, NTPC ने जताया शोक

चतरा/टंडवा: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी (NTPC) के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (NKSTPP) में बुधवार को बड़ा…

जमशेदपुर में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट, युवती ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप; TMH में भर्ती
इसे भी पढ़ें

जमशेदपुर में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट, युवती ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप; TMH में भर्ती

जमशेदपुर: झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान…

जमशेदपुर में स्कूली बच्चों से भरे CNG ऑटो में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुआ राख
इसे भी पढ़ें

जमशेदपुर में स्कूली बच्चों से भरे CNG ऑटो में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुआ राख

जमशेदपुर: शहर के साउथ पार्क गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल जा…

ABOUT THE AUTHOR
नवीन कुमार

नवीन कुमार

Editor In Chief

नवीन कुमार को पिछले 30 वर्षों से भी अधिक समय से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव रहा है...इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बड़े पद पर कार्यरत रहे हैं...नक्सल, क्राइम, खेल, राजनीति,बिज्ञान एवं तकनीकी, पर्यावरण के साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर मजबूत पकड़ रही है। खाली समय में उन्हें नई जगहों पर घूमना और फोटोग्राफी करना पसंद है।