body-70-year-old-shahid-akhtar

रांची के बड़ा तालाब से मिला 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी का शव, तीन दिनों से थे लापता; मशहूर बिल्डर के भाई थे मृतक

Share
Link copied

रांची: राजधानी रांची के बड़ा तालाब से बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रांची के चर्चित बिल्डर साहब अली के भाई थे। शाहिद अख्तर पिछले तीन दिनों से लापता थे। उनकी तलाश में परिवार के लोग लगातार जुटे हुए थे।

एनडीआरएफ की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

मिली जानकारी के अनुसार, शाहिद अख्तर के लापता होने के बाद परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की थी। इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी गई थी। तलाश के दौरान बड़ा तालाब की ओर जाने की आशंका जताई गई, जिसके बाद एनडीआरएफ (National Disaster Response Force) की टीम को मौके पर बुलाया गया। बुधवार सुबह बड़ा तालाब में सर्च ऑपरेशन (Search Operation) चलाया गया। इसी दौरान एनडीआरएफ की टीम ने पानी से शाहिद अख्तर का शव बरामद किया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शाहिद अख्तर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह हादसा है या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।