Koderma: Body of 14-year-old student who drowned in Vrindaha Waterfall not found even after 5 days.

कोडरमा : वृंदाहा वॉटरफॉल में डूबे 14 वर्षीय छात्र का 5 दिन बाद भी नहीं मिला शव, NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

कोडरमा। कोडरमा के वृंदाहा वॉटरफॉल में डूबे जहानाबाद के 14 वर्षीय छात्र सागर कुमार का शव पांच दिन बाद भी बरामद नहीं हो सका है। पटना से पहुंची एनडीआरएफ की 9वीं बटालियन की 30 सदस्यीय टीम लगातार वाटरफॉल के पानी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। टीम के जवान ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से पानी के अंदर जाकर छात्र की तलाश कर रहे हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

एनडीआरएफ टीम के कमांडर मुकेश कुमार के मुताबिक, वाटरफॉल से गिरने वाले पानी का वेग काफी तेज है। इसके कारण पानी के अंदर सर्च ऑपरेशन में टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद जवान लगातार शव की तलाश में जुटे हुए हैं।

तेज बहाव के कारण बढ़ी मुश्किल

टीम कमांडर ने छात्र के शव के पानी के तेज बहाव में आगे बह जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। यही वजह है कि एनडीआरएफ की टीम वाटरफॉल के आसपास के पानी में अलग-अलग स्थानों पर तलाश कर रही है।

पांच दिन बीत जाने के बाद भी शव नहीं मिलने से छात्र के परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजन लगातार सागर के शव मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

RKDF
advertisement

सर्च ऑपरेशन देखने पहुंच रहे लोगों की भीड़

एनडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग वृंदाहा वॉटरफॉल पहुंच रहे हैं। मौके पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की भी तैनाती की गई है, ताकि सर्च ऑपरेशन में किसी तरह की बाधा न आए और लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

रील बनाने के दौरान पानी में गिरा था छात्र

बताया गया है कि बुधवार को बिहार के जहानाबाद से कुछ छात्र-छात्राएं अपने कोचिंग शिक्षक के साथ पिकनिक मनाने वृंदाहा वॉटरफॉल पहुंचे थे। इसी दौरान 14 वर्षीय सागर कुमार पानी में गिर गया। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई।

बाद में एनडीआरएफ की टीम को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की लगातार कोशिशों के बावजूद अब तक छात्र का शव बरामद नहीं हो पाया है। फिलहाल एनडीआरएफ की टीम की तलाश जारी है।

 

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now