training-given-master-trainers-school-development

विद्यालयों के विकास और बालिकाओं की समस्याओं पर मास्टर ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण

Share
Link copied
training-given-master-trainers-school-development
training-given-master-trainers-school-development

सिमडेगा: डायट सिमडेगा में विद्यालय प्रबंधन समिति के जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का दो दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में विद्यालयों के बेहतर संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, अभिभावकों की भागीदारी और बालक-बालिकाओं के बीच लैंगिक समानता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

एपीओ आदित्य राज ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को उनके कार्यों और दायित्वों की जानकारी देना तथा विद्यालय के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय विकास योजना तैयार करने, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने से संबंधित जानकारी दी गई।

सी-थ्री संस्था के कुमार गौरव ने बालिकाओं की माहवारी से जुड़ी समस्याओं और विद्यालयों में सैनिटरी नैपकिन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को माहवारी के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विद्यालयों में जरूरी व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही बालक-बालिकाओं के बीच लैंगिक भेदभाव समाप्त करने और बालिकाओं को समान अधिकार देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने सभी बच्चों को समान अवसर के साथ शिक्षित करने की अपील की।

प्रशिक्षण में सीआरपी जमील अंसारी, अशोक सिन्हा और प्रिंस कुमार सहित बहुभाषिक शिक्षा के जिला समन्वयक अहसान आलम मौजूद रहे। वहीं, बीआरपी सोनी देवी, भगवती प्रसाद, अभिनंदन कुमार और शामु बड़ाइक समेत विभिन्न प्रखंडों के सीआरपी एवं बीआरपी ने भी भाग लिया।

प्रशिक्षण प्राप्त जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर अब विद्यालय स्तर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, विद्यालयों के विकास में समुदाय की भागीदारी मजबूत करने और शिक्षा व्यवस्था में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।