कोडरमा : दिनदहाड़े चाकूबाजी के बाद बवाल, बाइक फूंकी; सड़क पर उतरे लोग
कोडरमा। तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हमले में असनाबाद निवासी दुकानदार इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इसी दौरान एक बाइक में आग लगा दी गई। सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
दुकान से खून से लथपथ निकले दुकानदार
प्रत्यक्षदर्शी सईद नसीम के मुताबिक, वह इम्तियाज की दुकान के बगल में बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक दुकान से निकलकर भागता दिखाई दिया। कुछ देर बाद इम्तियाज अहमद खून से लथपथ हालत में दुकान से बाहर निकले और भाग रहे युवक का पीछा करने लगे। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को संभाला और इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद दुकान के अंदर और बाहर खून के धब्बे भी मिले।

आरोपी गिरफ्तार, विवाद की वजह की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, चाकूबाजी के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुकानदार पर हमला किस विवाद को लेकर किया गया और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है। पुलिस ने इलाके में स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

















