cng-auto-filled-schoolchildren-caught-fire

जमशेदपुर में स्कूली बच्चों से भरे CNG ऑटो में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुआ राख

Share
Link copied

जमशेदपुर: शहर के साउथ पार्क गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल जा रहे स्कूली बच्चों से भरे एक सीएनजी (CNG) ऑटो में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ऑटो आग की लपटों में घिर गया और देखते ही देखते जलकर राख हो गया ।जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान साउथ पार्क गोलचक्कर के पास अचानक ऑटो से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। वाहन में आग लगते ही चालक और बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते सभी बच्चों को ऑटो से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद टाटा अग्निशमन विभाग की दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 

cng-auto-filled-schoolchildren-caught-fire
टेम्पो से उतारा गया छात्र

स्थानीय लोगों के मुताबिक, ऑटो सीएनजी से संचालित था। हालांकि, वाहन में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दमकल की टीम के पहुंचने तक ऑटो का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी बच्चों के सुरक्षित बच निकलने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद साउथ पार्क गोलचक्कर के आसपास काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।