विधायक भूषण बाड़ा पर पूर्व CWC अध्यक्ष अभिषेक जोरिहार के गंभीर आरोप, नाबालिग के रेस्क्यू से लेकर प्रशासनिक दबाव तक बताई पूरी कहानी
सिमडेगा/रांची: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग बच्ची के मामले में अब जिला बाल कल्याण समिति (Child Welfare Committee-CWC) के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक जोरिहार के आरोपों ने विवाद को नया मोड़ दे दिया है। BJP नेता अशोक बड़ाईक ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। सोशल मीडिया में शेयर वीडियो के मुताबिक पूर्व अध्यक्ष ने वीडियो के माध्यम से दावा किया है कि करीब एक साल पहले उन्होंने 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को खेल स्टेडियम से रेस्क्यू (Rescue) कराया था। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में विधायक पर गंभीर आरोप लगाने के साथ-साथ तत्कालीन जिला प्रशासन के अधिकारियों पर भी मामले को दबाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पूर्व CWC अध्यक्ष के इन दावों ने मामले में तत्कालीन प्रशासनिक भूमिका, पुलिस की कार्रवाई और बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, दृष्टि नाउ वीडियो के आरोपों की सत्यता की पुष्टि नही करता.. वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि और संबंधित दस्तावेजों की जांच आधिकारिक जांच एजेंसियां करेंगी या पुलिस का काम है
रात नौ बजे बच्ची के रेस्क्यू का दावा
पूर्व अध्यक्ष अभिषेक जोरिहार के मुताबिक, करीब एक साल पहले उन्हें सूचना मिली थी कि 14 वर्षीय एक नाबालिग बच्ची को विधायक भूषण बाड़ा द्वारा खेल स्टेडियम में कथित तौर पर जबरन रोका गया है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने रात करीब नौ बजे मौके पर पहुंचकर बच्ची को रेस्क्यू कराने का दावा किया है। उनका कहना है कि इसके बाद बच्ची का बयान बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष दर्ज कराया गया और सिमडेगा टाउन थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया था।
पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर अदालत जाने की बात
पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आवेदन देने के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इसके बाद उन्होंने प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट की अदालत का रुख किया और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनके अनुसार, इस प्रक्रिया के दौरान उन पर मामले को समाप्त करने का दबाव बनाया गया। पूर्व अध्यक्ष का दावा है कि उन्होंने अपने पद की जिम्मेदारी और बाल संरक्षण से जुड़े दायित्वों का निर्वहन किया, लेकिन इसके बाद राज्य सरकार ने उन्हें पद से हटा दिया। उन्होंने अपनी बर्खास्तगी को इसी प्रकरण से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं।
2016-17 के पुराने मामले का भी किया जिक्र
वीडियो में पूर्व अध्यक्ष ने विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक कथित पुराने मामले का भी उल्लेख किया है। उनका दावा है कि वर्ष 2016-17 में, जब भूषण बाड़ा मुखिया थे, तब एक वयस्क महिला ने उनके खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज कराया था। पूर्व अध्यक्ष का आरोप है कि विधायक बनने के बाद यह मामला दब गया था। उन्होंने दावा किया कि CWC अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने इस पुराने मामले को दोबारा खुलवाने की पहल की थी और इसे मौजूदा प्रकरण के साथ जोड़ने की कोशिश की थी। हालांकि, पुराने मामले की प्राथमिकी, उसकी वर्तमान कानूनी स्थिति और जांच से संबंधित दस्तावेजों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
CWC की फाइलों और दस्तावेजों की जांच की मांग
पूर्व अध्यक्ष ने वीडियो में तत्कालीन CWC सदस्य अली इमरान अंसारी का भी उल्लेख किया है। उन्होंने फाइल लीक होने की आशंका जताते हुए मांग की है कि पूरे प्रकरण से संबंधित दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि कहीं महत्वपूर्ण फाइलों और साक्ष्यों को गायब या दबाने की कोशिश तो नहीं की गई। इस संबंध में भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
कई अहम सवालों के जवाब जांच से ही मिलेंगे
पूर्व CWC अध्यक्ष के वीडियो में लगाए गए आरोपों के बाद कई महत्वपूर्ण सवाल सामने आए हैं। यदि बच्ची का रेस्क्यू किया गया था, तो उसका आधिकारिक रिकॉर्ड क्या है? CWC में दर्ज बयान और पुलिस को दिए गए आवेदन का क्या हुआ? क्या तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों ने वास्तव में किसी तरह का दबाव बनाया था? पूर्व अध्यक्ष को पद से हटाने के पीछे क्या कारण थे? पुराने मामले की वर्तमान स्थिति क्या है? हालांकि इन सभी सवालों का जवाब संबंधित सरकारी दस्तावेजों, CWC के रिकॉर्ड, पुलिस की केस डायरी और न्यायालय की कार्यवाही से ही सामने आ सकता है।

भूषण बाड़ा प्रकरण : नाबालिग के परिजनों ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में उठाए कई सवाल, दिलीप तिर्की पर लगाए गंभीर आरोप
परिवार का दावा- जुलाई में ही गांव लौट आई थी लड़की, 3 नवंबर से लापता होने की भी कही बात; पूरे मामले…

भूषण बाड़ा मामले में गिरफ्तारी की मांग तेज, भाजपा एसटी मोर्चा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
14 वर्षीय आदिवासी किशोरी से कथित यौन शोषण के मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़िता की सुरक्षा की मांग, पत्रकारों पर पुलिस…


















